प्रतापगढ़। समाजवादी व्यापार सभा, जनपद प्रतापगढ़ द्वारा यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित 0.04 प्रतिशत एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क के विरोध में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया। समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र जायसवाल एवं जिला महासचिव आशीष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ता अंबेडकर चैराहे से जिला अधिकारी कार्यालय तक पहुंचे और राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा यूपीआई भुगतान पर एमडीआर शुल्क लागू करने की तैयारी छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय व्यापारियों के हितों के खिलाफ है और इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की प्रक्रिया प्रभावित होगी।
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र जायसवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी और समाजवादी व्यापार सभा इस प्रस्तावित शुल्क का पुरजोर विरोध करती है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार की नीतियां व्यापारी, किसान, छात्र और नौजवान विरोधी हैं तथा सरकार व्यापार और वाणिज्य को कमजोर करने का कार्य कर रही है।
समाजवादी पार्टी के व्यापार सभा के जिला महासचिव आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक ओर व्यापारियों पर जीएसटी और एमडीआर जैसे शुल्कों का बोझ बढ़ाया जा रहा है, वहीं किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने छात्रों से जुड़े पेपर लीक मामलों का भी उल्लेख करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव व्यापार सभा डा. राजेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे,प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, निखिल जायसवाल, रामलोचन सिंह, राजनारायण गुप्ता, पवन कुमार पटेल, आमिर खान, उदयवीर यादव, शनि गुप्ता, रामनाथ, चन्द्रेशपाल, मो. वसीम, मो. आमिर, रविशंकर यादव, अनुज गुप्ता, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, सपा सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद, कृष्ण कुमार पटेल, राजेश यादव, हिमांशु कुमार जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने एमडीआर शुल्क समाप्त करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा और सरकार से व्यापारियों के हित में निर्णय लेने की अपील की।
