सिंहपुर: पति की गैरहाजिरी में महिला के घर लूटपाट
September 16, 2026
सिंहपुर/अमेठी। इन्हौना थाना क्षेत्र के पूरे बलई मजरे कोटवा गांव में घुसे बदमाशों ने असलहा दिखाकर गृहस्वामिनी के साथ मारपीट की और पहने हुए जेवर समेत घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।गांव निवासी महावीर के मुताबिक वह दो दिन पूर्व बाबा बैजनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए गए थे। घर पर उनकी पत्नी राजरानी और दो पुत्रियां अनामिका व अनन्या थीं। सोमवार रात करीब 12 बजे कुछ लोग घर में घुसे। आरोप है कि बदमाशों ने पहले घर की बिजली बंद की और इसके बाद अंदर प्रवेश किया। जानवरों के पास की लाइट बंद करने के दौरान पत्नी को आहट होने पर बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने असलहा दिखाकर भयभीत किया और उनके पहने हुए जेवर छीन लिए। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के अन्य आभूषण और नकदी भी उठा ले गए। शोरगुल होने पर बदमाश मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी रात में ही पुलिस को दी गई। सूचना पर उपनिरीक्षक छविनाथ यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित महावीर ने बताया कि वह यात्रा से वापस घर के लिए निकल चुके हैं और लौटने के बाद पुलिस को लिखित तहरीर देंगे।वहीं, थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस टीम द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है।
