बीसलपुर। तहसील परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
समाधान दिवस के दौरान दैवीय आपदा राहत के तहत पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि भी प्रदान की गई। 10 लाभार्थियों को चार-चार हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा पांच लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये तथा चार अन्य लाभार्थियों को 37,500-37,500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को प्रभावी समाधान उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडे, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
