पीलीभीत। नवागत जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार को सुबह करीब 10 बजे कोषागार पहुंचकर के जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद ही उन्होंने प्रशासनिक कामकाज की दिशा और अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।इसके बाद गांधी सभागार में पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। विकास कार्यों को गति देने के साथ ही आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।डीएम ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस, समाधान दिवस, तहसील दिवस और जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जाएगी। शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित कराने पर जोर रहेगा, ताकि फरियादियों को अपनी समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पात्रता और वास्तविक जरूरत को प्राथमिकता दी जाएगी।
नवागत डीएम ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाकर आमजन को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जनपद में पर्यटन की संभावनाओं को लेकर भी डीएम ने अपनी मंशा साफ की। उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जिले के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से विकसित करने और उनकी संभावनाओं को सामने लाने पर भी प्रशासनिक स्तर से काम किया जाएगा।
डीएम आलोक कुमार ने कहा कि जिले के विकास और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाने तथा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत जिलाधिकारी की प्राथमिकताओं से प्रशासनिक अमले को भी कामकाज की दिशा का स्पष्ट संकेत मिला। प्रेस वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रसून द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रोशनी यादव, नगर मजिस्ट्रेट प्यारेलाल, उप जिलाधिकारी सदर श्रद्धा सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक पवन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
