जायस: तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
September 19, 2026
जायस/अमेठी। जायस थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़े गए युवक के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना जायस पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जान मोहम्मद पुत्र सहामत, निवासी चकममहा मजरे बोझी भूलामऊ, थाना जायस, अमेठी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच में उसका पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जायस थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रजोल सिंह, उपनिरीक्षक हरीराम और कांस्टेबल धीरज कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
