प्रतापगढः संदिग्ध दशा में युवक का फंदे से लटकता मिला शव, हड़कम्प
September 08, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। संदिग्ध दशा में युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटकता मिलने से मंगलवार को गॉव तथा परिजनों में हडकप मच गया। लालगंज कोतवाली की रानीगंज कैथौला पुलिस चैकी के खैरा पूरे छेमी निवासी परमेश्वर गौतम का पुत्र कुंदर गौतम (20) पिछले तीन दिनों से लापता था। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुये थे। मंगलवार को दोपहर ग्रामीण मवेशी चराने एक बाग में गये तब वहां उसका शव पेड़ की डाली में लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन पहुंचे तब कुंदन का शव देख बदहवास हो उठे। परिजनों में चीख पुकार मच गयी। सूचना पर लालगंज कोतवाल आलोक कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जिले से फारेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर विभिन्न बिन्दुओं पर नजर डाली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर शाम पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। मृतक कुंदन का पैर जमीन से छूता हुआ देखा गया। इसे लेकर लोगों में उसकी मौत आत्महत्या या हत्या की भी चर्चा की सरगर्मी लिए हुए दिखी। हालांकि प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के मुताबिक घटना आत्महत्या से जुड़ी है। उनका कहना है पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना को लेकर तहरीर मिली तो विधिक कार्रवाई की जायेगी।
