बलिया। भृगु आश्रम (दाल पट्टी) निवासी स्व. सतीश श्रीवास्तव (एडवोकेट) के पुत्र और अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनीष कुमार श्रीवास्तव को यूरोपियन सोसाइटी ऑफ क्लिनिकल माइक्रोबायोलॉजी एंड इंफेक्शियस डिजीज (ईएससीएमआईडी), स्विट्जरलैंड की ओर से अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल फेलोशिप प्रदान की गई है। फेलोशिप के तहत वह अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर अपने शोधपत्र ‘इन-सिलिको वैक्सीन डिजाइनिंग’ को प्रस्तुत करेंगे।
डॉ. मनीष का शोध वैक्सीन डिजाइनिंग के क्षेत्र में कंप्यूटर आधारित वैज्ञानिक अध्ययन से संबंधित है। इस फेलोशिप के लिए उनका चयन वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोधपत्रों की प्रस्तुति को देखते हुए हुआ है।
डॉ. मनीष इससे पहले अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम और ब्रिटेन के बर्मिंघम समेत विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में अपने शोधपत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। वर्ष 2022 में अमेरिका में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उनकी यात्रा में भारत सरकार की ओर से वित्तीय सहयोग भी प्रदान किया गया था।
शोध और वैज्ञानिक गतिविधियों में सक्रिय डॉ. मनीष लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने कार्य प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके एक भाई सिविल जज और दूसरे भाई इंजीनियर हैं। उनकी इस उपलब्धि से अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा के साथ ही गृह जनपद बलिया में भी खुशी है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
