Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंज: छात्राओं संग भोजन कर डीएम ने परखी व्यवस्थाएं


गौरीगंज/अमेठी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज असैदापुर में मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक चैधरी अचानक व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। डीएम ने मेस, छात्रावास, कक्षाओं से लेकर खेल मैदान तक निरीक्षण किया और विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्या को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सीधे मेस पहुंचे और छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। व्यवस्थाओं को करीब से परखने के लिए उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। डीएम ने निर्देश दिया कि छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। मेस और पूरे परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। प्रधानाचार्या गीता वर्मा ने छात्रावास में कुछ तख्तों की कमी की जानकारी दी। इस पर डीएम ने विद्यालय अथवा उपलब्ध अन्य मद से आवश्यक तख्तों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया और सभी शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचकर जिम्मेदारी के साथ शिक्षण कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में चल रहे मरम्मत कार्यों की भी स्थिति देखी गई। डीएम ने कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही विद्यालय परिसर में उगी बड़ी घास की तत्काल सफाई कराकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ स्वच्छ परिसर, गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |