अमेठीः हर घर रोशन करने की पहल! ऊर्जा मंत्री से मिले अनन्त विक्रम सिंह एवं शाम्भवी सिंह
September 29, 2026
अमेठी। अमेठी की जनता की समस्याओं और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर अमेठी रियासत के युवराज अनन्त विक्रम सिंह एवं उनकी पत्नी शाम्भवी अनन्त विक्रम सिंह ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान अमेठी में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। युवराज अनन्त विक्रम सिंह ने अमेठी के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को ऊर्जा मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने गांवों में जर्जर विद्युत तारों और ढीले खंभों की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए इन्हें शीघ्र बदलवाने की मांग की। उनका कहना था कि कई स्थानों पर लटकते तार और कमजोर विद्युत पोल हादसों का कारण बन सकते हैं। इसके साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या और ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते भार का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और आम उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी को देखते हुए नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने तथा पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग की गई। रात्रि के समय होने वाली अनियोजित बिजली कटौती पर भी चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अनावश्यक कटौती पर रोक लगाकर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए अमेठी की विद्युत समस्याओं के प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद युवराज अनन्त विक्रम सिंह एवं शाम्भवी अनन्त विक्रम सिंह ने कहा कि अमेठी की सेवा और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुविधा एवं उजाला लाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
