संग्रामपुर: चार वर्षों से भाड़े पर चल रहा ब्लॉक सभागार हुआ खाली
September 24, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। विकासखंड संग्रामपुर के ब्लॉक मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार करीब चार वर्षों बाद खाली हो गया है। वर्ष 2022 से बैंक ऑफ बड़ौदा की संग्रामपुर शाखा को किराये पर दिया गया यह सभागार बीते दिनों खाली कर दिया गया। सभागार खाली होने के बाद अब ब्लॉक के विभिन्न कार्यक्रम, बैठकें और प्रशिक्षण ब्लॉक मुख्यालय पर ही आयोजित किए जा सकेंगे। सभागार उपलब्ध नहीं होने के कारण पिछले कई वर्षों से ब्लॉक स्तरीय बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन भवसिंहपुर स्थित पंचायत भवन में किया जाता रहा। इससे ब्लॉक कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को कार्यक्रमों में पहुंचने के दौरान असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। वर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह ने जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभागार को खाली कराने की पहल की। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के सभी कार्यक्रम ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में ही होने चाहिए, ताकि किसी पंचायत भवन में कार्यक्रम आयोजित करने से वहां की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि अब ब्लॉक की सभी बैठकें, सरकारी कार्यक्रम और प्रशिक्षण सभागार में ही आयोजित किए जाएंगे। सभागार के दोबारा उपलब्ध होने से ब्लॉक स्तरीय गतिविधियों के लिए पंचायत भवनों पर निर्भरता कम होगी और आमजन को भी सुविधाएं मिलेंगी। चार साल बाद ब्लॉक सभागार के खाली होने से स्थानीय लोगों में भी खुशी है। लोगों को उम्मीद है कि अब विकासखंड की बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित एवं स्थायी स्थान उपलब्ध रहेगा।
