हरिपुर पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर, 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील
बलिया। अब चालान की धनराशि जमा करने के लिए लोगों को न्यायालय और कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेमेंट सेतु एप के माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन चालान की जानकारी प्राप्त करने के साथ उसका भुगतान भी कर सकेंगे। मंगलवार को पंचायत भवन हरिपुर में आयोजित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में ग्रामीणों को इस नई सुविधा के साथ आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की भी जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के आदेशानुसार शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैरालीगल वालेंटियर्स राजेश शर्मा, राजकुमार सिंह, जगदीश नारायण चैधरी, विमलेश कुमार एवं दीप्ति ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी।
तत्काल मिलेगी डिजिटल रसीद ग्रामीणों को बताया गया कि पेमेंट सेतु एप पर चालान का विवरण जांचने के बाद ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। भुगतान सफल होने पर तत्काल डिजिटल रसीद भी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखा जा सकेगा।
पैरालीगल वालेंटियर्स ने बताया कि ऑनलाइन भुगतान की सुविधा से चालान जमा करने की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी होगी। इससे नागरिकों के समय और श्रम की बचत के साथ न्यायालय तक आने-जाने की परेशानी भी कम होगी।
12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत शिविर में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर सरल, त्वरित और प्रभावी निस्तारण कराया जा सकता है।
ग्रामीणों को लोक अदालत के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि यह विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान का एक प्रभावी माध्यम है। उपस्थित लोगों से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
