Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः 406 लाख से संवर रहा कस्तूरबा विद्यालय, अक्टूबर तक हैंडओवर करने के निर्देश


डीएम ने परखी निर्माण की गुणवत्ता, 76 प्रतिशत कार्य पूरा, बेटियों को मिलेंगी आधुनिक शैक्षिक और आवासीय सुविधाएं


बलिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बिगही, बेलहरी का कायाकल्प तेजी से आकार ले रहा है। 406.02 लाख रुपये की लागत से बन रहे एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को निरीक्षण किया। करीब 76 प्रतिशत कार्य पूरा होने पर डीएम ने शेष निर्माण अक्टूबर तक पूरा कर विद्यालय को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास भवन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को बारीकी से परखा। उन्होंने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए निर्माण की गुणवत्ता, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

परियोजना का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ द्वारा कराया जा रहा है। 406.02 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना में एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास के साथ आंतरिक एवं बाह्य सैनिटेशन एवं सीवरेज, लैब का अतिरिक्त कार्य, बोरिंग एवं समर्सिबल, आंतरिक विद्युतीकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं ड्रेनेज, सेप्टिक टैंक विद सोक पिट तथा अग्निशमन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि परियोजना का लगभग 76 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए डीएम ने शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कहा कि अक्टूबर माह तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर भवन विद्यालय को हैंडओवर किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नक्शे का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों और डिजाइन के अनुरूप कराए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भवन तैयार होने के बाद कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण के साथ सुरक्षित और आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे बालिका शिक्षा को और मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |