Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः अयोध्या से मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को दी बड़ी सौगात, अमेठी में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण


मानदेय वृद्धि, 5 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं मुख्यमंत्री ने


अमेठी। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने आज अयोध्या स्थित राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का प्रदेश के सभी जनपदों के साथ-साथ अमेठी जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्गकृमाताओं और बच्चोंकृके स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, बाल विकास तथा कुपोषण उन्मूलन के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां इस अभियान की सबसे मजबूत कड़ी हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराए जाने की भी घोषणा की गई। इसके साथ ही पोषण ट्रैक ऐप पर कार्य करने के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मोबाइल की सुविधा भी दी जाएगी। साथ ही गणवेश के रूप में प्रदान की जाने वाली साड़ियों की संख्या में वृद्धि तथा अन्य कल्याणकारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने, डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से आह्वान किया कि वे पोषण माह एवं महिला-बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अमेठी जनपद में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि एवं स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होंगी तथा इससे उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, पोषण अभियान, मिशन शक्ति, बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सजीव प्रसारण कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा सरकार द्वारा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |