प्रतापगढ़। जिले में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने तहसील पट्टी क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत कोहड़ौर के वार्ड संख्या-08 रामापुर में भारी वर्षा एवं अतिवृष्टि के कारण मकान गिरने की सूचना पर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवार को नियमानुसार आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों में लापरवाही बरतने पर संबंधित लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने रामापुर निवासी रिंकी गौड़ पत्नी हरिओम के क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया। मकान के पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी तहसील पट्टी को आपदा राहत कोष से प्रभावित परिवार को 1.20 लाख रुपये की सहायता धनराशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिवृष्टि के दौरान क्षेत्र में लापरवाही बरतने के मामले में संबंधित लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने भारी वर्षा एवं अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लिया। उन्होंने पूरे वैजू का पुरवा निवासी विमला पाल पत्नी बृजपाल के मकान तथा विद्या देवी के मकान एवं पशुशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षति का नियमानुसार आकलन कर प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला प्रशासन द्वारा भारी वर्षा एवं अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार त्वरित राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
