प्रतापगढ़। जिले में उद्यान विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना एवं ‘‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’’- माइक्रोइरीगेशन वर्ष 2026-27 के अन्तर्गत दो दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन दिनांक 29 एवं 30 सितम्बर 2026 को साँई पैलेस सरोज चैराहा प्रतापगढ में आयोजित किया गया। गोष्ठी के दूसरे दिन उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र ऐंठू कालाकांकर महेन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित एवं माँ सरस्वति की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
गोष्ठी में जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा द्वारा गोष्ठी के दूसरे दिन आये हुए अतिथियों एवं जनपद के सम्मानित कृषकों का स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं के बारे में प्रकाश डालते हुए कृषकों से आग्रह किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ उठाये तथा अपनी कृषि आय में वृद्धि करें। भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह ने अपनी विभागीय जानकारी के साथ मिट्टी को स्वस्थ रखने का तरीका बताया। इसी तरह वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र ऐंठू कालाकांकर महेन्द्र सिंह द्वारा औद्यानिक फसलों पर प्रकाश डालते हुए सघन बागवानी तथा उनमें आने वाली रोगों के बारे में विस्तार से चर्चा किया। उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह द्वारा कृषि विभाग द्वारा संचालित विषयों पर आये हुए कृषकों को जानकारी दी तथा ज्यादा से ज्यादा फसल बीमा कराने हेतु कृषकों से आग्रह किया। उद्यान निरीक्षक मो0 फाजिल ने गोष्ठी के संचालन के साथ माइक्रोइरीगेशन योजना के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा आलू अनुदान योजना एवं भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के बारे में सम्पूर्ण जानकारी कृषकों को उपलब्ध कराया गया। गोष्ठी के अन्त में जिला उद्यान अधिकारी द्वारा आये हुए सभी सम्मानित कृषकों एवं अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए गोष्ठी के समापन की घोषणा की गयी। लगभग 200 कृषकों ने कृषक गोष्ठी में प्रतिभाग कर तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
