Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः शिक्षक चिंतन गोष्ठी में भाजपा सरकारों पर तीखे प्रहार! शिक्षकों की समस्याओं और रिक्त पदों का मुद्दा उठा, पुरानी पेंशन बहाली व पर्याप्त शिक्षक तैनाती की मांगय सम्मान समारोह में शिक्षकों को किया सम्मानित


बीसलपुर। नगर के तारा बैंक्विट हॉल में रविवार को आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह एवं चिंतन गोष्ठी में शिक्षकों की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को लेकर भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। वक्ताओं ने शिक्षक भर्ती, पुरानी पेंशन, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और विद्यालयों के बंद किए जाने सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। तारावती तौलेराम एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संरक्षक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. तौलेराम गंगवार तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख तारावती गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद शिक्षक सम्मान समारोह एवं चिंतन गोष्ठी का आयोजन हुआ।

मुख्य अतिथि बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व सपा प्रत्याशी शिव प्रताप यादव ने कहा कि मौजूदा केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियां शिक्षकों के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से विभिन्न पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन पर्याप्त संख्या में शिक्षक भर्ती नहीं की जा रही है। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

उन्होंने पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने नौकरी कर रहे शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाया। साथ ही विद्यालयों को बंद किए जाने की प्रक्रिया का विरोध करते हुए कहा कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पर्याप्त शिक्षक और संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए। कार्यक्रम आयोजक एवं सपा नेता डॉ. रत्नेश गंगवार ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई कार्य किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार शिक्षकों की समस्याओं और उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रियंका गंगवार ने शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षकों ने आयोजनकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रताप गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गायत्री गंगवार, राम सिंह यादव, आलोक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं शिक्षक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |