पीलीभीत। विकासखंड ललौरीखेड़ा में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, उनकी सुरक्षा तथा पात्र बच्चों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत संरक्षण अधिकारी मीनाक्षी पाठक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराना तथा जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी भी दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि गांवों में अधिक से अधिक ग्राम चैपालों का आयोजन किया जाए। चैपालों के माध्यम से ग्रामीणों को बाल संरक्षण, महिला एवं बालिका कल्याण तथा सरकार की अन्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाए।ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार ने शिक्षक दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और परिवार के विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत एक वर्ष से कम आयु की पांच बालिकाओं को बेबी किट वितरित की गईं। इस दौरान बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए संचालित योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई।बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), महिला कल्याण विभाग की संरक्षण अधिकारी मीनाक्षी पाठक, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, रुबीना खातून सहित आशा कार्यकत्रियां एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
