Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाएं शिक्षक - फूल बाबू


शफी एजुकेशनल ग्रुप के शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों व कर्मचारियों को उपहार देकर किया सम्मानित, मोबाइल से हटकर पुस्तकों से जुड़ने पर दिया जोर


बीसलपुर। शिक्षा व्यक्ति के जीवन को दिशा देने के साथ ही समाज और देश के भविष्य का निर्माण करती है। शिक्षक विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए शिक्षकों को पूरी निष्ठा और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। यह विचार शफी एजुकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू ने नगर स्थित शफी डिग्री कॉलेज में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में व्यक्त किए।शफी एजुकेशनल ग्रुप के तत्वावधान में निशा गर्ल्स इंटर कॉलेज, शफी पब्लिक स्कूल और शफी डिग्री कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। ज्ञान ऐसा खजाना है, जो व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के साथ उसे समाज में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है। प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करे। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख भी दें। पूर्व मंत्री ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा और शिक्षक के सम्मान को नई ऊंचाई दी। आज आवश्यकता है कि शिक्षक उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें और शिक्षा के स्तर को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास करें। उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव के बीच विद्यार्थियों को वास्तविक अध्ययन से जोड़ने पर भी जोर दिया। कहा कि ज्ञानवर्धक पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित कर विद्यार्थियों को जागरूक और ज्ञानवान बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर हसन रजा उर्फ चांद बाबू ने की। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को किसान से जोड़ते हुए कहा कि जिस प्रकार किसान अच्छी फसल के लिए समय-समय पर खाद और बीज का उपयोग करता है, उसी प्रकार शिक्षक को भी विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। शिक्षक के निरंतर प्रयास से ही विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और उनका भविष्य बेहतर बनता है। समारोह में संस्था के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार, समन्वयक अनीश वेग, निशा गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अर्चना तिवारी, शफी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य शोएब खान तथा हसन रजा खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता रविंद्रपाल सिंह गंगवार ने किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |