चांदा/सुलतानपुर। विकास खंड प्रतापपुर कमैचा के ब्लॉक परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में बुधवार को परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर अध्यापकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ आलोक कुमार ने की। इसमें विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प कार्यों की प्रगति के साथ ही बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बीडीओ ने अध्यापकों से विद्यालयवार समस्याओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में जर्जर भवन, क्षतिग्रस्त शौचालय, बाउंड्रीवाल, रास्ते, पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति का चिन्हांकन किया जाए। इससे जरूरत के अनुसार मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा सकेगा।
अध्यापकों ने बैठक में विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उनके समाधान का भरोसा दिया गया।
बीडीओ ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण स्थान हैं। इसलिए विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मूलभूत सुविधाओं का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है।
बैठक में कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों की कमियों को दूर कर उनकी तस्वीर बदलने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने विद्यालयों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कही। इससे परिषदीय स्कूलों में सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक माहौल मिलने की उम्मीद है।
