लम्भुआ/सुल्तानपुर। आईएएस अधिकारी अंशुल हिंदल ने बुधवार को लम्भुआ तहसील के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली तथा क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
एसडीएम अंशुल हिंदल ने कहा कि गरीब, शोषित, वंचित और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। आम जनता की समस्याओं का निस्तारण निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। भूमाफिया और अवैध कब्जेदारों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
नवनियुक्त एसडीएम ने लम्भुआ क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना भी प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
एसडीएम ने कहा कि तहसील क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, राजस्व कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी लगातार नजर रखी जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।
आईएएस अंशुल हिंदल के लम्भुआ एसडीएम का कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र के लोगों में प्रशासन से त्वरित न्याय, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की उम्मीद जगी है।
