पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय गिद्ध दिवस एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर वन एवं वन्यजीव प्रभाग, पीलीभीत की तीनों रेंजों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों को गिद्धों के संरक्षण एवं पर्यावरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसरों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पीलीभीत रेंज के ललौरीखेड़ा सेक्शन अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय बार नवादा में अंतरराष्ट्रीय गिद्ध दिवस के अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के अध्यापक, पीलीभीत रेंज का स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में पांच अमरूद के पौधे रोपे गए।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज अमरिया तथा नेहरू इंटर कॉलेज गुलड़िया भिंडारा मझोला में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में वन दरोगा कौशेन्द्र यादव, रेंज का स्टाफ, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, पीलीभीत में भी शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ के तहत पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी पीलीभीत टाइगर रिजर्व मनीष सिंह, वन विभाग के अधिकारी, प्रभागीय निदेशक वन एवं वन्यजीव प्रभाग प्रतापगढ़ आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री, वन एवं वन्यजीव व जैव विविधता संरक्षण समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकान्त शुक्ला सहित आयुर्वेदिक कॉलेज के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय गिद्ध दिवस के तहत वृहद गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी में अधिकारियों द्वारा गिद्धों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक महत्व तथा पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका के संबंध में उपस्थित लोगों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
बीसलपुर रेंज अंतर्गत शिक्षक दिवस पर विभिन्न विद्यालयों में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलाया गया। भगवान दास गेंदनलाल इंटर कॉलेज, बीसलपुर में वॉटलबुश के दो, अमरूद के तीन तथा कचनार के दो, कुल सात पौधे रोपे गए। प्राथमिक विद्यालय ईंटगांव में आंवला के पांच एवं गोल्ड मोहर के पांच, कुल 10 पौधे लगाए गए। वहीं जनता इंटर कॉलेज बरखेड़ा में जामुन के पांच, अमरूद के चार एवं कचनार के तीन, कुल 12 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रमों में विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बीसलपुर रेंज का स्टाफ शामिल रहा।
पूरनपुर रेंज अंतर्गत कंपोजिट स्कूल चांट फिरोजपुर में अंतरराष्ट्रीय गिद्ध दिवस के अवसर पर व्याख्यान आयोजित कर स्कूली बच्चों को गिद्धों के संरक्षण एवं प्रकृति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को गिद्धों के पर्यावरणीय महत्व के प्रति जागरूक किया गया।वहीं ग्राम सुआबोझ स्थित स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक विनीत कुमार, विद्यालय के अन्य शिक्षक, पूरनपुर रेंज का स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वन विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही पौधरोपण को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया।
