अमेठीः सेवा संकल्प में स्कूली प्रतियोगिताएं आयोजित! उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
September 18, 2026
अमेठी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद अमेठी के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद अमेठी में बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए सामाजिक सरोकारों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण तथा जनकल्याणकारी विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित सभी राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
