अमेठीः रिटायर सिंचाई विभाग के जेई की सड़क हादसे में मौत
September 04, 2026
अमेठी। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के हथकिला गांव के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अवर अभियंता (जेई) रामचन्द्र तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल रामचन्द्र तिवारी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिचित और शुभचिंतक सीएचसी अमेठी पहुंचने लगे। पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला, भाजपा नेता काशी तिवारी, अजय तिवारी समेत समाज के कई लोगों ने सीएचसी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना पर शोक जताया। बताया जा रहा है कि हथकिला गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। टक्कर में रामचन्द्र तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना पर अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की। अमेठी कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
