अमेठी। अमेठी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और जर्जर विद्युत तारों की समस्या को लेकर पूर्व भाजपा विधायक महारानी गरिमा सिंह की पुत्रवधू शाम्भवी अनन्त विक्रम सिंह ने विद्युत विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने विद्युत वितरण खंड गौरीगंज के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में सुधार तथा जनसमस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने से आम उपभोक्ताओं के साथ किसानों और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय होने वाली बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों को भी अपनी जरूरतों के अनुसार विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर पड़े विद्युत तारों और पोलों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा जहां आवश्यकता हो, वहां नए तार और पोल लगाए जाने की मांग की। साथ ही विद्युत लाइनों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य दिन के समय कराने पर जोर दिया, ताकि रात में उपभोक्ताओं को अनावश्यक कटौती का सामना न करना पड़े। शाम्भवी अनन्त विक्रम सिंह ने विशेष रूप से शाम के बाद पूरी रात होने वाली बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्बाध रात्रिकालीन विद्युत आपूर्ति मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु होगी और किसानों एवं ग्रामीणों को भी राहत मिलेगी। अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर समस्याओं का संज्ञान लेते हुए जनहित में जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक की पुत्रवधू ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन, ग्रामीणों-किसानों और छात्रों की समस्याओं का उठाया मुद्दा
