सिंहपुर: बाबा परमहंस दास मैदान में विराजे गजानन
September 15, 2026
सिंहपुर/अमेठी। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजा फत्तेपुर स्थित बाबा परमहंस दास आश्रम में नौ दिवसीय गणपति पूजा का भव्य शुभारंभ हुआ। गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर क्षेत्रीय लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। समाजसेवी रोहित सिंह की मौजूदगी में ग्रामीणों ने गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का आह्वान करते हुए सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पंडाल में गूंज रहे गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ.. जैसे भक्ति गीतों से माहौल श्रद्धा और उत्साह से भर उठा।ग्रामीणों द्वारा भव्य झांकी से सुसज्जित पंडाल तैयार किया गया है, जो क्षेत्रवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी नौ दिनों तक प्रतिदिन शाम को आरती और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गणपति बप्पा के दर्शन करेंगेराजा फत्तेपुर के नवयुवक कमेटी द्वारा विगत कई वर्षों से गणपति पूजा का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। पूजा के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। नौ दिवसीय गणपति पूजा के शुभारंभ से राजा फत्तेपुर सहित आसपास के गांवों में धार्मिक उत्साह का माहौल है। भव्य पंडाल में ग्रामीणों द्वारा गणपति बप्पा की प्रतिमा लोगों द्वारा स्थापित की गई।
