- सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप
- फसल का उचित मूल्य दिलाने की उठाई मांग
कन्नौज। आलू किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य न मिलने के विरोध मे सोमवार को समाजवादी पार्टी ने कन्नौज कलेक्ट्रेट परिसर मे विशाल धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कलीम खान के नेतृत्व मे आयोजित प्रदर्शन मे सपाइयों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि आलू की खेती मे किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है लेकिन बाजार में फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य तक नहीं मिल रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि कन्नौज की अर्थव्यवस्था में आलू किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद किसानों को उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। सपा किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।
पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने कहा कि आलू किसानों की स्थिति चिंताजनक है। लागत बढ़ने और कीमत घटने से किसान कर्ज के बोझ मे दब रहे हैं। उन्होंने सरकार से आलू का लाभकारी मूल्य निर्धारित करने और किसानों को राहत देने की मांग की।
विधायक अरविंद सिंह यादव ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करता है लेकिन बाजार में उसे लागत तक नहीं मिल पाती। सरकार को किसान हित मे ठोस नीति बनानी चाहिए ताकि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
किसानों के साथ अन्याय कर रही सरकार। जय कुमार तिवारी बऊअन ने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आरिफ जमा खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के मुद्दों को लेकर गंभीर है। आलू किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी।
नगर अध्यक्ष मुस्ते हसन ने कहा कि किसान महंगी खाद-बीज और कम फसल मूल्य की दोहरी मार झेल रहा है। इसके बावजूद सरकार किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है।
यश कुमार दोहरे ने कहा कि आलू का उचित मूल्य न मिलने से किसानों की पूरी मेहनत पर पानी फिर रहा है। सरकार को तत्काल खरीद व्यवस्था मजबूत कर किसानों को राहत देनी चाहिए।
पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे ने कहा कि किसान देश की रीढ़ है। यदि किसान ही परेशान रहेगा तो प्रदेश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से आलू किसानों के हित मे प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
शशिमा सिंह दोहरे ने कहा कि खेती-किसानी मे महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आलू की फसल का उचित मूल्य न मिलने का असर पूरे किसान परिवार पर पड़ता है। सरकार को किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
धरने के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर मे पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। बाद मे सपाइयों ने किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
