Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः सपा में वापसी के बाद रत्नेश का बीसलपुर में शक्ति प्रदर्शन, जगह-जगह उमड़ा समर्थकों का सैलाब! स्वागत में फूल-मालाओं से लदे डॉक्टर रत्नेश गंगवार, बोले जनप्रतिनिधियों ने अपना विकास किया


बीसलपुर। समाजवादी पार्टी में दोबारा शामिल होने के बाद पहली बार बीसलपुर पहुंचे डॉक्टर रत्नेश गंगवार का मंगलवार को समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। उनके नगर में प्रवेश से पहले ही गांव खनंका में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हो गए। इसके बाद काफिला रोहनिया चैराहा, गुलेदा चैराहा, ईदगाह चैराहा, प्राइवेट बस स्टैंड और रमपुरा तिराहे से गुजरा, जहां समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय नेतृत्व को आगे बढ़ाने की पहल हुई है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि यदि डॉक्टर रत्नेश गंगवार को पार्टी का प्रत्याशी बनाया जाता है तो उन्हें भारी बहुमत से जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी जाएगी। इसके बाद काफिला तारावती बैंक्वेट हाल पहुंचा, जहां आयोजित कार्यक्रम में डॉक्टर रत्नेश गंगवार के पिता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉक्टर तौलेराम गंगवार ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें समाजवादी पार्टी में जिला महासचिव की जिम्मेदारी मिली थी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव उनसे जिले की राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी लिया करते थे। पार्टी ने उन्हें जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ाया और वह निर्वाचित हुए। उनकी पत्नी तारावती गंगवार भी बीसलपुर ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। डॉक्टर रत्नेश गंगवार ने कहा कि उनका समाजवादी पार्टी से जुड़ाव बचपन से रहा है। कुछ समय के लिए वह भाजपा में चले गए थे, लेकिन अब दोबारा समाजवादी पार्टी में लौट आए हैं। उन्होंने इसे अपनी घर वापसी बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विकास की उम्मीद लगाए बैठी है। उन्होंने कहा कि बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के अनेक लोग रोजगार की तलाश में दिल्ली, रुद्रपुर और हरियाणा जैसे शहरों में जाने को मजबूर हैं। उनका कहना था कि यदि क्षेत्र में पर्याप्त रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध कराए गए होते तो लोगों को रोजी-रोटी के लिए घर-परिवार छोड़कर बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर संसाधनों की जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने तीन महाविद्यालय स्थापित किए हैं, ताकि क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के लिए दूर न भटकना पड़े। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी में वापसी के बाद जिस तरह लोगों का समर्थन और स्नेह मिला है, उससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। साथ ही उन्होंने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम प्रताप गंगवार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गायत्री गंगवार, सुधा यादव, राम सिंह गंगवार, जितेंद्र गंगवार, लाजपत राय, वलीउल्लाह, जिला उपाध्यक्ष बीडी प्रजापति, पूर्व नगर अध्यक्ष मुक्तदर हयात, श्रीपाल निराला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |