लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को बोरा फाउंडेशन द्वारा ‘सेवा सखी’ कार्यक्रम के तहत लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र की आशा बहुओं का सम्मान समारोह सीतापुर रोड स्थित सेवा परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ नीरज बोरा द्वारा सहभागिता की गई। कार्यक्रम में दो सौ से अधिक आशा बहू मौजूद रही।
सम्मान समारोह में आशा बहुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सम्मान समारोह आयोजन की सराहना की। इस दौरान आशा बहुओं ने क्षेत्रीय विधायक के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया। आशा बहुओं ने राजकीय कर्मचारी घोषित करने, मानदेय में वृद्धि करने तथा आयुष्मान कार्ड की सुविधा से जोड़ने की मांग प्रमुखता से रखी।
आशा बहुओं ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, सुविधाओं और उपेक्षाओं को लेकर विधायक से संवाद भी किया। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वह आशा बहुओं की मांगों को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक तथा मुख्यमंत्री के समक्ष अनुरोध करेंगे, ताकि उनकी वास्तविक समस्याओं एवं मांगों पर सरकारी स्तर पर विचार हो सके।
कार्यक्रम की संयोजक एवं बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिंदु बोरा ने सभी आशा बहुओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आशा बहुओं के स्वास्थ्य एवं समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के अंत में बोरा फाउंडेशन के अध्यक्ष वत्सल बोरा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील सिंह ने किया। विशिष्ट सहयोग दिव्यांशी शुक्ला एवं सुबोध ने प्रदान किया।
