प्रतापगढः युवक ने सई में लगाई छलांग, तलाश जारी
September 23, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक द्वारा सई में छलांग लगाने से वह गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस व ग्रामीण युवक की तलाश में जुटे बताये गये। अमेठी जिले के धरौली निवासी रूपेश भारती (29) पुत्र रामबरन बचपन से ही अपनी बहन की ससुराल में बहन पूनम भारती पत्नी बबन के यहां रहता था। सोमवार को दिन में साढ़े तीन बजे रूपेश बहन के घर से बाइक से निकला। कोतवाली के उधरनपुर सई नदी पुल के पास उसने बाइक खड़ी की। युवक ने अचानक सई में छलांग लगा दी। इसके चलते वह गहरे पानी में समा गया। पुल के समीप दो मछुआरों ने युवक को छलांग लगाते देखा। वह चीखने चिल्लाने लगे तब गांव के लोग वहां पहुंचे। युवक की बाइक पुल के समीप खड़ी मिली। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहंुची। इधर काफी संख्या में मौके पर ग्रामीण भी जुट गये। ग्रामीणों की मदद से पुलिस नदी में समाये युवक की तलाश में जुटी बतायी गयी है।
