प्रतापगढ़। हरियाली तीज के पावन अवसर पर लायंस क्लब प्रतापगढ़ ‘गौरव’ द्वारा श्री राम बालिका इंटर कॉलेज, चिलबिला में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और मेहंदी कला का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को लायंस क्लब के अध्यक्ष अजय केसरवानी कोषाध्यक्ष विकास गुप्ता एवं रीजन चेयरपर्सन शिशिर खरे द्वारा उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए कला के प्रति उन्हें प्रोत्साहित किया गया। रीजन चेयरपर्सन शिशिर खरे ने अपने संबोधन में बच्चों को बताया कि मेहंदी भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। विशेष रूप से तीज, विवाह एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर मेहंदी को सौभाग्य, प्रेम और उल्लास का प्रतीक माना जाता है। प्राकृतिक मेहंदी हाथों की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ अपने शीतल एवं सुगंधित गुणों के लिए भी जानी जाती है। मेहंदी की कला विद्यार्थियों में रचनात्मकता, एकाग्रता, धैर्य और कलात्मक अभिव्यक्ति को विकसित करने में भी सहायक होती है।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष अजय केसरवानी, कोषाध्यक्ष विकास गुप्ता सहित लायंस क्लब परिवार महिला सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्रबंधक आनंद केसरवानी एवं प्राचार्या डॉली केसरवानी की उपस्थिति एवं सहयोग भी सराहनीय रहा।
कार्यक्रम ने हरियाली तीज की पारंपरिक उमंग को विद्यार्थियों की कला प्रतिभा से जोड़ते हुए एक सुंदर एवं यादगार रूप प्रदान किया। कार्यक्रम में सहभागी विद्यार्थी कशिश यथार्थ, सेजल विश्वकर्मा, साक्षी विश्वकर्मा, जीनत, मीनाक्षी विश्वकर्मा, सृष्टि राय, श्रीयम, जान्हवी, रिजा अंसारी, माविया, अरबिया, अनन्या
तिवारी, वर्षा, अंशिका गुप्ता, जुबिया, अनुष्का यादव ने सहभाग किया। लायंस क्लब प्रतापगढ़ ‘गौरव’ के इस प्रयास से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का भी अवसर मिला।
