Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

तिलोईः एशियन गेम्स में सलमान का जलवा, रोइंग में जीता कांस्य


तिलोई/अमेठी। जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स-2026 में अमेठी के लाल सलमान खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोइंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन किया। सलमान खान ने सतनाम सिंह के साथ पुरुष डबल स्कल्स फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय जोड़ी ने 6/13.25 का समय दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया। तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना निवासी सलमान खान की इस उपलब्धि से अमेठी में खुशी की लहर दौड़ गई। कृषक परिवार से आने वाले सलमान खान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। सलमान खान ने अपनी सफलता का श्रेय भारतीय सेना में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक मोहम्मद आजाद को दिया है। उनके मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास ने सलमान के खेल सफर को नई दिशा दी। सलमान की उपलब्धि की जानकारी मिलते ही जिला खेल जगत में भी खुशी का माहौल है। जिला खेल कार्यालय, अमेठी से जुड़े अधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने सलमान खान की उपलब्धि को अमेठी के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर अमेठी के खिलाड़ी का पदक जीतना जिले के लिए गौरव की बात है। इससे जिले के युवाओं में रोइंग सहित अन्य खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा। वही सलमान खान को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने फोन पर बधाई दी। उन्होंने सलमान से बातचीत कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। फोन पर बातचीत के दौरान स्मृति ईरानी ने सलमान और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि अमेठी को आप पर गर्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सलमान आने वाली प्रतियोगिताओं में भी देश और जिले का नाम रोशन करेंगे।

              

नागोया में सतनाम सिंह के साथ पुरुष डबल स्कल्स में पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान, जिले में खुशी की लहर

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |