शुकुलबाजार: बिजली कटौती पर भाकियू का हल्लाबोल, सौंपा ज्ञापन
September 16, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र में चरमराई बिजली आपूर्ति व्यवस्था और लगातार हो रही अघोषित कटौती से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर मोर्चा खोल दिया। महिला प्रकोष्ठ की ब्लॉक अध्यक्ष सुशीला के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधियों ने विद्युत उपखंड कार्यालय शुकुल बाजार पहुंचकर सहायक अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में किसान नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर कई बार शिकायत और अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि अघोषित कटौती के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रात में बिजली न रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।किसानों ने कहा कि फसलों की सिंचाई के लिए बिजली की नियमित आपूर्ति बेहद जरूरी है। संगठन ने किसानों को दिन में नौ घंटे और रात में नौ घंटे, कुल 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति किए जाने की मांग की है।भाकियू (टिकैत) की ब्लॉक अध्यक्ष सुशीला समेत पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन कार्यकर्ता और किसान विद्युत कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेषनाथ तिवारी, रामसुभग मौर्या, शुभम, रामकेवल पाल , शुभम कसौधन , देवी दयाल शर्मा ,समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
