मेरठ/मवाना। तहसील दिवस के अवसर पर एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, तहसीलदार निरंकार सिंह ने तहसील सभागार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।
इसी दौरान मवाना की फलावड़ा रोड निवासी शिल्पी पत्नी सुरेंद्र ने अपनी भूमि से संबंधित शिकायत प्रार्थना पत्र के माध्यम से एसडीएम के समक्ष रखी। प्रार्थना पत्र में शिल्पी ने आरोप लगाया कि उसके आवासीय प्लॉट के बराबर स्थित सरकारी जोहड़ की खुदाई के दौरान उसके प्लॉट के कुछ हिस्से को जोहड़ में मिला लिया गया है। साथ ही, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जोहड़ की भूमि के कुछ हिस्से में प्लाटिंग की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने सरकारी जोहड़ खसरा संख्या 3440 सहित अपनी भूमि की पैमाइश और निशानदेही कराए जाने की मांग की है। साथ ही भूमि को कब्जा मुक्त कराने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। तहसील दिवस में एसडीएम ने शिकायत को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
