Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संग्रामपुरः युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा! बंटवारे के विवाद में पेड़ पर चढ़ा, पुलिस ने समझाकर बचाई जान


संग्रामपुर/अमेठी।  थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में मंगलवार को पारिवारिक बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक युवक नशे की हालत में गांव के ही आम के पेड़ पर चढ़ गया और आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश करने लगा। युवक को पेड़ पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि रानीपुर निवासी अरुण कोरी पुत्र स्वर्गीय रामचरन का अपनी मां और भाई के साथ पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को विवाद के बीच अरुण कथित रूप से नशे की हालत में आम के पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर पहुंचने के बाद उसने ऐसा कदम उठाने की कोशिश की, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही चैकी टीकर माफी प्रभारी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया और शांत कराया। लगातार मान-मनौव्वल के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ और पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद चैकी प्रभारी युवक और उसकी मां को चैकी ले गए। वहां दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पारिवारिक विवाद की जानकारी ली गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए आपसी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और किसी भी तरह का आत्मघाती कदम नहीं उठाने की सलाह दी। समझाने-बुझाने के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। घटना के दौरान मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की समझदारी और धैर्यपूर्ण कार्रवाई की ग्रामीणों ने भी सराहना की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |