Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, अफसरों को मिशन मोड में काम का अल्टीमेटम! सप्ताह में तीन दिन होगी विभागों की समीक्षा, अनुपस्थित मिले नलकूप विभाग के एक्सईएन का वेतन काटने के निर्देश


फैमिली आईडी की रैंकिंग सी और जननी सुरक्षा योजना डी श्रेणी में मिलने पर जताई नाराजगी, आधुनिक बस स्टैंड का काम तेज कराने को कहा


बलिया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की विभिन्न योजनाओं और विभागों की खराब रैंकिंग को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रैंकिंग में सुधार के लिए संबंधित विभाग मिशन मोड में काम करें और योजनाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी की रैंकिंग सी और जननी सुरक्षा योजना की रैंकिंग डी श्रेणी में मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को योजनाओं की प्रभावी निगरानी करते हुए रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। पोषण अभियान की रैंकिंग भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर इसे ए श्रेणी में लाने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन विभागों की रैंकिंग ए श्रेणी में नहीं है, उनकी प्रगति की समीक्षा सप्ताह में तीन दिन की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान रैंकिंग बी श्रेणी में पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं की भौतिक प्रगति खराब है, उनके एक्सईएन को बुलाकर जवाबदेही तय की जाए।

राज्य सेतु निगम की प्रगति खराब मिलने पर भौतिक प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। पुलिस आवास निगम लिमिटेड के निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा गया।

समीक्षा बैठक में नलकूप विभाग के एक्सईएन बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और अपने विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी करें।

पर्यटन विभाग की प्रगति बेहद कम मिलने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बलिया-गाजीपुर से तुर्तीपार मार्ग के चैनेज के मध्य फोरलेन चैड़ीकरण एवं सुंदरीकरण के निर्माण कार्य को समय से पूरा कराने को कहा गया। वहीं मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, नगर क्षेत्र के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

बलिया में प्रस्तावित आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। निर्माण की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य को गति देने और इसे मिशन मोड में पूरा कराने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाए। जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनमें तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करेंगे, तभी जनपद की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार आएगा। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |