सुलतानपुर: प्रतापपुर कमैचा में आईपीएम कृषक प्रशिक्षण, किसानों को बताए कीट नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीके! सोलर ट्रैप लाइट, फेरोमोन ट्रैप और जैविक उपायों से फसल बचाने की दी जानकारी
September 17, 2026
सुलतानपुर। प्रतापपुर कमैचा स्थित राजकीय बीज गोदाम पर गुरुवार को एक दिवसीय आईपीएम (एकीकृत कीट प्रबंधन) कृषक प्रशिक्षण एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को धान समेत विभिन्न फसलों को कीट प्रकोप से बचाने के लिए वैज्ञानिक, जैविक एवं पर्यावरण अनुकूल उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सोलर ट्रैप लाइट के उपयोग के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके माध्यम से बिना अथवा कम कीटनाशक के प्रयोग के कीटों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही ऐलोस्ट्रिक कार्ड तथा सब्जियों और अन्य फसलों में लगने वाले कीटों की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए फेरोमोन ट्रैप के उपयोग की जानकारी दी गई।किसानों को फेरोमोन ट्रैप का नमूना दिखाकर उसके लगाने, उपयोग करने और फसल में कीट प्रकोप की निगरानी करने की विधि भी समझाई गई। अधिकारियों ने किसानों से फसल में अनावश्यक कीटनाशकों के प्रयोग से बचते हुए समेकित कीट प्रबंधन तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलन के लिए उपस्थित लोगों को मिट्टी से निर्मित दीप भी वितरित किए गए। प्रशिक्षण में अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी तारकेश्वर, डॉ. इम्तियाज अहमद, अमर बहादुर, सौरभ मौर्य, पवन प्रजापति, श्याम लाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
