बल्दीराय/सुलतानपुर। बीबीएस पब्लिक स्कूल अरवल में चल रहे तीन दिवसीय भारत स्काउट एंड गाइड जांच शिविर का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने मार्च-पास्ट, टेंट निर्माण, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
मार्च-पास्ट के दौरान बच्चों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। वहीं टेंट निर्माण में विद्यार्थियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टेंट तैयार कर स्काउट जीवन की व्यावहारिक बारीकियां सीखीं। प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण में दुर्घटना, चोट अथवा अचानक बीमार पड़ने की स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के तरीके बताए गए।
शिविर में बच्चों को आपदा के समय बचाव, स्वच्छता, गांठ बांधने, आत्मनिर्भरता और टीमवर्क का भी प्रशिक्षण दिया गया। गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने पर जोर रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्काउट एंड गाइड केवल अनुशासन ही नहीं सिखाता, बल्कि बच्चों में समाजसेवा, देशसेवा और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर में सीखे गुरों को अपने दैनिक जीवन में उतारने की अपील की।
समापन अवसर पर बल्दीराय पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने के साथ ही 112 और 1076 समेत अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान उपनिरीक्षक नवीन सिंह, प्रधानाचार्य इमरान सिद्दीकी, प्रबंधक श्याम बक्स सिंह (लल्लन) और राहुल सिंह मौजूद रहे। भारत स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षक वीर विक्रम सिंह, सहायक प्रशिक्षक शिव सुंदर यादव एवं आनंद अग्रहरी ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
