पीलीभीतः धान से लदा ट्रक हाईवे पर पलटा, पांच घंटे थमा रहा यातायात! गढ़ा जंगल के पास रात दो बजे हुआ हादसा, दोनों ओर दो-दो किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
September 24, 2026
पीलीभीत। थाना गजरौला कला क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730 पर बुधवार देर रात धान की बोरियों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा गढ़ा जंगल के पास हुआ। ट्रक के बीच हाईवे पर पलट जाने से दोनों दिशाओं में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रातभर वाहन चालक और यात्री जाम में फंसे रहे और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बताया गया कि धान की बोरियों से भरा ट्रक रात करीब दो बजे गढ़ा जंगल के पास पहुंचा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही धान की बोरियां सड़क पर फैल गईं और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। रात का समय होने के कारण जाम तेजी से बढ़ता चला गया।ट्रक के हाईवे के बीचोंबीच पलटे होने और उसमें भारी मात्रा में धान लदा होने के कारण उसे हटाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम की सूचना मिलने पर सुबह गजरौला कला पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के साथ ही ट्रक हटवाने की कवायद शुरू कराई। पुलिस की मौजूदगी में क्रेन मंगाकर सड़क पर पलटे ट्रक को हटाने का काम शुरू कराया गया।करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे ट्रक को हाईवे से हटाया जा सका। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी और रातभर लगा जाम खुल गया। जाम के कारण हाईवे से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि हाईवे पर पलटे ट्रक को क्रेन की मदद से हटवा दिया गया है। अब यातायात पूरी तरह सुचारू हो गया है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
