Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठ: शामली में खनन अधिकारी और संविदा बाबू 85 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, दफ्तर और घर से 71 लाख कैश बरामद


मेरठ/शामली। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) मेरठ सेक्टर की ट्रैप टीम ने शामली के जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा बाबू सद्दाम को 85,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में अधिकारी के दफ्तर से 8 लाख रुपये और घर से लगभग 63 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की गई है।  

शिकायतकर्ता ने बालू खनन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, जो जिला खनन अधिकारी के स्तर पर उच्चाधिकारियों को अग्रसारित करने के लिए लंबित था। 

जब शिकायतकर्ता ने अधिकारी से फाइल आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, तो उन्होंने अपने संविदा बाबू सद्दाम से मिलने को कहा। 

सद्दाम ने फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 1 लाख रुपये से अधिक रिश्वत की मांग की। सौदे के तहत खनन अधिकारी के खाते में 1 लाख रुपये और बाबू तथा उसके सहयोगी के लिए नकद रकम मांगी गई थी।  

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय भ्रष्ट अधिकारियों को पकड़वाना चाहता था, जिसके बाद उसने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई। विजिलेंस की जांच में पुष्टि होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया गया। शिकायतकर्ता द्वारा अधिकारी के खाते में ₹50,000 ट्रांसफर कराने के साथ ही टीम ने दोनों आरोपियों को ₹85,000 की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।  

गिरफ्तारी के तुरंत बाद सतर्कता टीम ने गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान खनन अधिकारी के कार्यालय से 8 लाख रुपये तथा उनके आवास से लगभग 63 लाख रुपये नकद बरामद हुए। दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।  

विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो नागरिक एंटी-करप्शन हेल्पलाइन नंबर 9454401866 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।  

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |