मेरठ/मवाना। शासन के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता ही सेवा व सेवा ही संकल्प अभियान-2026’ के तहत नगरीय निकायों में 157 घंटे का महा सफाई अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुबह पांच बजे नगर पालिका परिषद मवाना की ओर से झारखंडी मंदिर परिसर से महा सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक और अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने झारखंडी मंदिर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में उगी जंगली घास को कटवाकर साफ कराया गया। कर्मचारियों ने आसपास जमा गंदगी को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का काम किया।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के साथ नागरिकों को भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा ने बताया कि 157 घंटे का महा सफाई अभियान 25 सितंबर से लगातार दो अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पालिका अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नगर के सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला प्रोग्राम मैनेजर अमरनाथ, सफाई नायक विकास कुमार, राकेश कुमार, मजहर अब्बास, सफाई सहायक राजपति यादव, सतपाल सहित नगर पालिका के सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
