Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

शुकुलबाजार: विधायक सुरेश पासी के प्रयासों से उंचगांव में बनेगा 70 करोड़ का ट्रांसमिशन पावर हाउस


  • 46 साल बाद जगदीशपुर विधानसभा को मिली बड़ी विद्युत सौगात
  • शुकुल बाजार को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलने की उम्मीद


शुकुलबाजार/अमेठी। जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। शुकुल बाजार क्षेत्र के उंचगांव में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांसमिशन पावर हाउस का निर्माण कराया जाएगा। विधायक सुरेश पासी कात्यानी के प्रयासों से परियोजना की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। परियोजना की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि करीब 46 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में दूसरा ट्रांसमिशन पावर हाउस स्थापित होने जा रहा है। इससे पहले 80 के दशक में बीएचईएल कठौरा में ट्रांसमिशन पावर हाउस का निर्माण हुआ था। इसके बाद क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक नए ट्रांसमिशन पावर हाउस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उंचगांव में इस परियोजना की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी  ने बताया कि ट्रांसमिशन पावर हाउस के निर्माण के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल शुकुल बाजार की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आसपास के कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी। प्रस्तावित ट्रांसमिशन पावर हाउस के निर्माण से शुकुल बाजार क्षेत्र को 24 घंटे निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा सुल्तानपुर, अयोध्या और बाराबंकी जनपदों के विभिन्न सब-स्टेशनों को भी विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। इससे विद्युत आपूर्ति के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं और व्यवधानों में कमी आने की संभावना है। नए ट्रांसमिशन पावर हाउस का सीधा असर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ने की उम्मीद है। बिजली आपूर्ति बेहतर होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिल सकेगी, वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों और छोटे-बड़े उद्योगों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है। घरेलू उपभोक्ताओं को भी बिजली कटौती और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उंचगांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश चैहान ने परियोजना की स्वीकृति पर विधायक सुरेश पासी  का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उंचगांव में इतने बड़े विद्युत प्रोजेक्ट का आना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की जा रही थी। विधायक के प्रयासों से अब इस दिशा में ठोस पहल हुई है। राजेश चैहान ने कहा कि ट्रांसमिशन पावर हाउस बनने से उंचगांव के साथ ही शुकुल बाजार और आसपास के दर्जनों गांवों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। बेहतर बिजली आपूर्ति से क्षेत्र में व्यापार, कृषि और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की इस बड़ी समस्या के समाधान के लिए विधायक द्वारा किए गए प्रयास सराहनीय हैं। विधायक सुरेश पासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम कराया जा रहा है। उंचगांव में बनने वाला ट्रांसमिशन पावर हाउस इसी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से विद्युत आपूर्ति को लेकर कई तरह की समस्याएं सामने आती रही हैं। ऐसे में नए ट्रांसमिशन पावर हाउस के निर्माण से इन समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। परियोजना पूरी होने के बाद शुकुल बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता और आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है। 46 वर्ष बाद जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र को मिली यह बड़ी विद्युत सौगात क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें परियोजना के निर्माण कार्य शुरू होने और निर्धारित समय में इसे पूरा किए जाने पर टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |