कमरौली/अमेठी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर थाना कमरौली में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया। दिनभर की ड्यूटी के बाद पुलिसकर्मी देर शाम से ही जन्मोत्सव की तैयारियों में जुट गए। परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा थाना परिसर गूंजता रहा। रात्रि में जैसे ही घड़ी की सुइयां 12 बजे के करीब पहुंचीं, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही नंद के घर आनंद भयो के जयकारे लगने लगे। वही थाना प्रभारी मुकेश कुमार पटेल द्वारा आरती के बाद बाल गोपाल को भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिवार के लोग भी मौजूद रहे। बच्चों में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कान्हा के बाल स्वरूप की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। थाना परिसर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह ने पुलिसकर्मियों को भी त्योहार की खुशियों से जोड़ दिया। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली खाकी इस मौके पर पूरी तरह भक्ति के रंग में नजर आई। देर रात तक थाना परिसर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।
धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी पर्व, देर रात तक भक्ति में डूबा रहा थाना परिसर
