Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

केरल में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड से 5 की मौत


केरल में तेज बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन, मलबा गिरने और अचानक आई बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों के लापता होने की सूचना है। बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने स्थिति की हर घंटे समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने रविवार को एक बयान में कहा कि सतीसन के निर्देश पर, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की कमिश्नर विग्नेश्वरी (IAS) ने हालात का जायजा लेने के लिए इडुक्की और कोट्टायम जिलों के कलेक्टरों के साथ बैठक की। बयान में कहा गया है कि इडुक्की और कोट्टायम में मौसम के हालात को लेकर SMS अलर्ट जारी किए गए हैं, साथ ही कलेक्टरों को हालात का जायजा लेने और जरूरी कदम उठाने (जैसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना) के निर्देश दिए गए हैं।

मलप्पुरम जिले के नीलांबुर-अमराम्बलम क्षेत्र में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोग बह गए। पुलिस के मुताबिक, वंडूर से आए लोगों का समूह नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और सभी बह गए। एक व्यक्ति को स्थानीय निवासी ने बचा लिया, जबकि अग्निशमन एवं बचाव दल ने दो लोगों के शव बरामद किए। दो अन्य लोग अभी लापता हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में आपदा प्रबंधन बल की विशेष टीम तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं।

कोट्टायम जिले के टीकोय के पास वेलाथुस्सेरी में रविवार शाम हुए भूस्खलन में तमिलनाडु की एक महिला की मौत हो गई और उसकी दोस्त घायल हो गई। मृतका की पहचान चेन्नई के जवाहर नगर निवासी 35 वर्षीय संगीता अरुल लाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संगीता और उसकी दोस्त वागामोन से लौट रही थीं, तभी भूस्खलन हुआ। सड़क पर गिरी मिट्टी की चपेट में संगीता आ गईं, जो स्कूटर चला रही थीं। उनकी दोस्त किसी तरह बच निकली, लेकिन घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इडुक्की जिले के कोट्टाकम्बूर में रविवार दोपहर बारिश से बचने के लिए एक शेड में शरण लिए तीन लोग मिट्टी धंसने की घटना की चपेट में आ गए। करीब साढ़े तीन बजे पहाड़ी से मिट्टी का बड़ा हिस्सा शेड पर गिर पड़ा और तीनों उसके नीचे दब गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है। बता दें कि इससे पहले, केरल में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने 20 और 21 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश की भी संभावना जताई है।

रविवार को कोट्टायम और इडुक्की जिलों के लिए बारिश का अलर्ट बढ़ाकर ऑरेंज कर दिया गया। ऑरेंज अलर्ट का मतलब 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश, जबकि येलो अलर्ट 6 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश का संकेत देता है।

IMD के आंकड़ों के अनुसार, केरल में इस साल मानसून कमजोर रहा है। 1 जून से 17 सितंबर के बीच राज्य में सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |