Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठः ए एस इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता का समापन! 52 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग, बालक-बालिका वर्ग में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों का मंडल स्तर के लिए चयन


मेरठ/मवाना। ए एस इंटर कॉलेज मवाना में जनपद स्तरीय सेपक टाकरा बालक एवं बालिका वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 52 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बाद पांचली क्षेत्र, मेरठ पश्चिम क्षेत्र, माछरा क्षेत्र और मवाना क्षेत्र की टीमों का मंडल स्तर के लिए चयन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मेघराज सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

सेपक टाकरा एक विशेष प्रकार का खेल है, जो वॉलीबॉल की तरह खेला जाता है। इसमें विशेष प्रकार की गेंद का प्रयोग होता है और गेंद को मुख्य रूप से पैरों के माध्यम से खेला जाता है। इस खेल में वॉलीबॉल के कई नियम लागू होते हैं, लेकिन इसमें हाथों के बजाय पैरों से गेंद को खेलना होता है। हाथ से गेंद को छूने पर खिलाड़ी आउट माना जाता है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने इस खेल के प्रति उत्साह और अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।

अंडर-14 बालक वर्ग में एएस इंटर कॉलेज मवाना के देवांश, बाल विहार पब्लिक स्कूल रजपुरा के उवैस, केशव और अवि शर्मा तथा केवी इंटर कॉलेज माछरा के ओम शर्मा का चयन किया गया।

अंडर-17 बालक वर्ग में नवभारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज परतापुर के देव, बादल और आर्यन तथा केवी इंटर कॉलेज माछरा के कार्तिक एवं मयंक मंडल स्तर के लिए चयनित हुए।

अंडर-19 बालक वर्ग में नवभारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज परतापुर के निखिल भारती, लकी कश्यप, सचिन कुमार और कार्तिक तथा केवी इंटर कॉलेज माछरा के सौरभ तोमर का चयन हुआ।

इसी प्रकार अंडर-14 बालिका वर्ग में रघुनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज मेरठ की प्रज्ञा और अभाना, बाल विहार पब्लिक इंटर कॉलेज रजपुरा की परी शर्मा और साक्षी तथा माना इंटर कॉलेज डोरली की सोनाक्षी का चयन किया गया।

अंडर-17 बालिका वर्ग में एएस इंटर कॉलेज मवाना की अक्षिका, नवभारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज परतापुर की जिया मौर्य, निशा एवं भारती तथा रघुनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज मेरठ की राशि का चयन हुआ।

अंडर-19 बालिका वर्ग में भारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज के अंशिका, वरुण, तनिष्का एवं सृष्टि तथा रघुनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज मेरठ की अंशुल एवं प्रार्थना का चयन किया गया।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक मंडल के सदस्यों कुलदीप शर्मा, सुमन सिंह, सभा मलिक, कुलदीप मलिक, हुजैफा मलिक, करण आदि का विशेष सहयोग रहा। क्रीड़ा प्रभारी कपिल कुमार सिरोही और मीडिया प्रभारी अंकित शर्मा ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मेघराज सिंह ने विजेता एवं चयनित छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए उन्हें आगे भी खेल के क्षेत्र में मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाली विद्यालय की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मवाना तहसील में पहली बार जनपद स्तरीय सेपक टाकरा बालक एवं बालिका वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |