Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठ: सेवा ही संकल्प और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रोडवेज बस स्टैंड पर चला विशेष सफाई अभियान


पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक और ईओ कृष्णकांत मिश्रा ने किया श्रमदान, जनप्रतिनिधियों व कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प                


मेरठ/मवाना। शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम’ के अंतर्गत नगर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक तथा अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों, पालिका कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के साथ सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वयं श्रमदान किया और सफाई कार्य को गति प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान रोडवेज बस स्टैंड परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की गई तथा कूड़े-कचरे का निस्तारण कराया गया। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक भी किया गया। अभियान में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।

पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नगर को साफ-सुथरा रखने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें।

अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।

अभियान के दौरान पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई कर्मी एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया और नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |