Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुरः मिशन शक्ति 5.0रू छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक! एसपी विनीत जायसवाल ने केश कुमारी इंटर कॉलेज में छात्राओं को बताए हेल्पलाइन नंबर, डिजिटल सुरक्षा के दिए टिप्स


सुलतानपुर। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने केश कुमारी इंटर कॉलेज में छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सजग एवं सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का प्रतीक है। समाज के विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक बालिका का शिक्षित, जागरूक और आत्मविश्वासी होना आवश्यक है।

उन्होंने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करें।

एसपी ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से सावधान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, अशोभनीय संदेश और फोटो के दुरुपयोग जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में छात्राओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतनी चाहिए। अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करने की सलाह दी गई।

उन्होंने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने अथवा किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की जा सकती है। साथ ही संबंधित थाने या साइबर थाना पुलिस से संपर्क करने के लिए भी छात्राओं को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ किसी भी समस्या का सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का सबसे मजबूत आधार ‘खुद पर विश्वास’ है। जब प्रत्येक बालिका आत्मविश्वासी और जागरूक होगी, तभी समाज सुरक्षित और सशक्त बनेगा।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को मिशन शक्ति जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। इनमें महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर, आत्मरक्षा के उपाय और पुलिस से संपर्क करने के सरल माध्यमों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, साइबर थाना प्रभारी, मिशन शक्ति टीम सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |