चांदा/ सुलतानपुर। अमरूपुर ग्राम पंचायत के मजरा आनापुर भीखीपुर में रविवार को कच्ची दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हुई काजल शर्मा के इलाज में मदद के लिए समाज के लोग आगे आए हैं। जिला अस्पताल में काजल का इलाज चल रहा है। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए समाज के लोगों ने पीड़िता के घर पहुंचकर परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बताया जाता है कि काजल शर्मा रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए घर आई थीं। रविवार को बारिश के दौरान वह टीन शेड के नीचे आराम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में काजल गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीपी कमैचा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान काजल के परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। इलाज का खर्च उठाने में परिवार को परेशानी हो रही है। इसकी जानकारी होने पर समाज के लोगों ने पीड़ित परिवार का हाल जाना और आर्थिक सहयोग करते हुए आगे भी हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
परिवार की सहायता के लिए अनिल कुमार शर्मा, दिलीप कुमार शर्मा, बिल्लू शर्मा, मूलचंद शर्मा, दयाशंकर, हरीश, श्याम शंकर, दीपक शर्मा, मातादीन शर्मा, दुर्गेश शर्मा, साहबदीन शर्मा और रमेश शर्मा समेत अन्य लोग आगे आए। समाज के लोगों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और काजल के इलाज में यथासंभव सहयोग किया जाएगा।
