Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

आंध्र प्रदेश में बनेंगे 5,000 नए मंदिर! मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दिए निर्देश


आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्यभर में प्रस्तावित 5,000 मंदिरों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) और धर्मादा विभाग के अधिकारियों से मंदिरों के लिए स्थान जल्द से जल्द तय करने और स्थल अंतिम होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने को कहा।

समीक्षा बैठक के दौरान टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी मुद्दादा रवि चंद्र ने बताया कि 28 जिलों के 161 विधानसभा क्षेत्रों से 4,192 मंदिरों के निर्माण के प्रस्ताव मिले हैं, जबकि 967 मंदिरों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि मंदिरों का निर्माण तीन श्रेणियों के तहत किया जाएगा। इनमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की बस्तियों, मछुआरा बस्तियों, कमजोर वर्गों की बस्तियों और सामान्य क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मंदिरों के लिए स्थल तय होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री नायडू ने मंदिर निर्माण और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए श्रीवाणी ट्रस्ट से प्राप्त धन का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि टीटीडी को हिंदू धर्म और आध्यात्मिकता के प्रचार-प्रसार से जुड़े अपने कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाना चाहिए।

नायडू ने कहा कि टीटीडी के पास करीब 11.8 लाख श्रीवारी सेवा स्वयंसेवक हैं। नवनिर्मित मंदिरों में इन स्वयंसेवकों की सेवाओं का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने बोर्ड सदस्यों, श्रद्धालुओं और श्रीवारी सेवा स्वयंसेवकों को शामिल करते हुए कार्यकारी समितियां गठित करने की संभावना पर भी विचार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों की राजधानियों में संबंधित सरकारों से परामर्श कर भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मॉरीशस जैसे देशों से भी भगवान वेंकटेश्वर के मंदिरों के निर्माण की मांग आ रही है। नायडू ने श्रीवारी मंदिरों को हिंदुओं के आध्यात्मिक केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

नायडू ने नए मंदिरों के लिए आवश्यक पुजारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने मूर्तियों की स्थापना और पुजारियों के प्रशिक्षण के लिए व्यापक योजना तैयार करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने राज्य के 1,000 मौजूदा प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार का भी आदेश दिया। उन्होंने शिव मंदिरों और शक्तिपीठों के विकास पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया।

नायडू ने राज्यभर के मंदिरों का विस्तृत डिजिटल ब्योरा तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने धर्मादा विभाग के 28,000 मंदिरों, टीटीडी के 65 मंदिरों और प्रस्तावित 5,000 नए मंदिरों के प्रभावी प्रबंधन के लिए पहले से व्यापक योजना तैयार करने को कहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |