लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में भाजपा महिला पदाधिकारी के घर हुई लाखों की चोरी ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसीपी मोहनलालगंज ने घटना के 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया था, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कथित तौर पर कोई ठोस सफलता नहीं लगी है। ऐसे में पुलिस के 48 घंटे में खुलासे के दावे पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने भाजपा महिला मोर्चा की मंडल महामंत्री विमलेश शर्मा के घर को निशाना बनाया। परिवार रक्षाबंधन के अवसर पर रिश्तेदारी में गया था। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला और करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवरात तथा 50 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वह मुख्य सड़क से सटा हुआ बताया जा रहा है और मोहनलालगंज थाने से भी ज्यादा दूर नहीं है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। इससे क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
