पीलीभीतः देवहा नदी के कटान से बदला रास्ता, डीएम ने लिया जायजा,दर्जनों गांवों की बढ़ी मुश्किलें! 40 किमी अतिरिक्त दूरी का बझय पुल विस्तार और सड़क निर्माण का मिला भरोसा
September 01, 2026
पीलीभीत। देवहा नदी के बहाव और मार्ग परिवर्तन के चलते भगा मोहम्मदगंज पुल के पास सड़क कटान की समस्या लगातार ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मंगलवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने ग्राम भिकारीपुर के निकट स्थित भगा मोहम्मदगंज पुल के पास पहुंचकर मार्ग कटान की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और प्रस्तावित परियोजनाओं के मानचित्र का भी बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि देवहा नदी के मार्ग परिवर्तन के कारण सड़क का एक हिस्सा बह जाने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी समस्या तहसील मुख्यालय तक पहुंचने की है। मार्ग बाधित होने के कारण उन्हें अब करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे ग्रामीणों को समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। रोजमर्रा के काम, सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपनी कृषि संबंधी परेशानियों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई ग्रामीणों की कृषि भूमि पुल के दूसरी ओर स्थित है। मार्ग कट जाने के कारण खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को अतिरिक्त दूरी तय करके खेतों तक पहुंचना पड़ रहा है। बरसात के दौरान नदी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ग्रामीणों ने मार्ग और आवागमन की समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता भी बताई जिलाधिकारी ने मौके पर मार्ग कटान की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के मैप का निरीक्षण कर सड़क, पुल और सुरक्षात्मक कार्यों की संभावनाओं को भी देखा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या को गंभीरता से शासन स्तर तक रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भगा मोहम्मदगंज पुल के विस्तारीकरण, सड़क निर्माण तथा नदी के कटान से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों के संबंध में शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे और जल्द से जल्द निस्तारण की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझने का प्रयास किया। मार्ग कटान के कारण प्रभावित हो रहे आवागमन और कृषि कार्यों को देखते हुए अब ग्रामीणों को स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।
